
अफजलगढ़। कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर रामगंगा घाट पर डूबें दोनों लोगों का शव पीएसी गोताखोरों की मदद से 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया,शव मिलने पर दोनों लोगों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है।
गौरतलब है कि क्षेत्र के गांव भज्जावाला निवासी 42 वर्षीय राम सिंह पुत्र जगदीश सिंह शुक्रवार को कुछ ग्रामीणों के साथ मछली पकड़ने गया था। पिछले कुछ दिनों से बरसात के कारण रामगंगा नदी का पानी बढ़ा हुआ चल रहा है। मछली पकड़ने के दौरान राम सिंह नदी के तेज बहाव में बह गया था। तभी से ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार को कोतवाल पंकज तोमर,हल्का इंचार्ज सोहन सिंह पुंडीर ने मुरादाबाद से पीएसी के गोताखोरों की टीम भी बुलाई थी,लेकिन कुछ पता नहीं लग सका था। वहीं रविवार सुबह लगभग 48 घंटे बाद राम सिंह का शव गांव के पास एक गन्ने के खेत में फसल के बीच उलझा हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है रामगंगा नदी के पानी में बह कर शव यहां पहुंचा होगा। वहीं शुक्रवार को जयनगर निवासी 18 वर्षीय देवेंद्र पुत्र शिवनंदन का शव मुरादाबाद जनपद के कांठ थाना क्षेत्र के नील सरोवर कुंडा की रामगंगा नदी में उतराता मिला। परिजन व ग्रामीण तभी से उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने भी पीएसी की गोताखोरों की मदद ली थी। रविवार को उसका शव कांठ क्षेत्र में मिल गया। वही शव मिलने पर दोनों लोगों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। उधर कोतवाल पंकज तोमर ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम को भेज दिए गए है।