
लोकेशन- रायसेन
संवाददाता – सुमित शर्मा


असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है दशहरा
दशहरा पर्व पर रायसेन में प्रभारी मंत्री श्री पंवार तथा स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल सहित विधायकगणों ने किया शस्त्र पूजन
विजयादशमी (दशहरा) के पावन पर्व पर रायसेन स्थित पुलिस परेड ग्राउंड पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री तथा मछुआ कल्याण और मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार तथा स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल द्वारा शक्ति, साहस और विजय के प्रतीक के रूप में शस्त्रों का पूजन कर प्रदेश एवं देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। साथ ही सभी को विजयादशमी (दशहरा) पर्व की शुभकामनाएं दीं गईं।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह पर्व हमें जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने और कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा से पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सभी को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन का महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है, जो हिंदू सनातन परंपरा से जुड़ा हुआ है। यह व्यक्ति को उसके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है और अधर्म के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है। शस्त्र पूजन हमारी भारतीय संस्कृति की विशेष परंपरा भी है, जो आत्मरक्षा और वीरता के महत्व को दर्शाती है।
कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक श्री सुरेंद्र पटवा, कलेक्टर श्री अरविंद दुबे तथा पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पांडे द्वारा भी शस्त्र पूजन कर सभी की सुख–समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन, समाजसेवी श्री राकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।