

महिला और दोनों बच्चों की संदिग्ध मौत से उठे सवाल, जहर सेवन की आशंका; पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
कसडोल 21 नवंबर।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुकली में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के एक ही कमरे में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। तीन लोगों की एक साथ हुई संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे ग्राम सुकली में महिला और उसके दो बच्चों की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो घर के कमरे में युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), पति संजय मानिकपुरी तथा उनके दो बेटे चिरंजीव मानिकपुरी (10 वर्ष) और दिव्यांश मानिकपुरी (करीब 5 वर्ष) के शव मिले।
जहर सेवन की आशंका, पारिवारिक विवाद का पहलू भी जांच में
पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया जहर सेवन की आशंका जताई गई है। वहीं, मृतका के परिजनों और अन्य गवाहों से पूछताछ के दौरान पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, पारिवारिक विवाद और तीनों की मौत के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना के प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
ग्राम सुकली निवासी चैनदास मानिकपुरी (50 वर्ष) की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई और पंचनामा तैयार करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल तीनों की मौत किन परिस्थितियों में और किन कारणों से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा। मामले में पुलिस की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
संवाददाता तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


