देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिलसिला अभी कुछ दिनों तक और जारी रहेगा। इस दौरान IMD ने 19 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई राज्यों में झमाझम बारिश के साथ आंधी-तूफान का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि 24 मार्च तक पूर्वी और उत्तर-पू्र्वी भारत के राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। IMD ने कुल 19 राज्यों के लिए तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्यों में 30 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओलावृष्टि की भी संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 23 मार्च को गरज-चमक के साथ 30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं उत्तर-पूर्व राज्यों में अगले पांच दिनों तक बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रहेंगी। मध्य भारत और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। जबकि पूर्वी भारत अभी फिलहाल तापमान गिरने और फिर बढ़ने का अनुमान है। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हुई और शनिवार को दिल्ली में फिर से कोहरा छा गया। दिल्ली में शनिवार को घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शहर में ठंडी हवाएं चल रही थीं। दिल्ली में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, लेकिन ठंडी हवाओं का प्रभाव बना रहा। यह स्थिति दिल्ली में पिछले छह वर्षों में मार्च का सबसे ठंडा दिन और पिछले पांच महीनों में सबसे स्वच्छ हवा दर्ज किए जाने के एक दिन बाद सामने आई है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश का अलर्ट नहीं है। सोमवार को सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश के साथ-साथ गरज और बिजली कड़कने की आशंका है।


