नई दिल्ली: आउटर नॉर्थ जिले में लोकल पुलिस और दूसरी यूनिट के जॉइंट ऑपरेशन में एक हाई प्रोफाइल क्राइम नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। टीम ने ऑपरेशन के तहत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ नीतू उर्फ सहवाग, अमित, विकास सिंधु, साहिल, रवि सिंह, मोहम्मद साहिल और मोहम्मद अकरम उर्फ साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 5 देसी पिस्टल, 2 देसी रिवॉल्वर, एक शॉटगन, 2 देसी कट्टे, 5 मैगजीन, कारतूस, 20 स्मार्टफोन, 7 कीपैड वाले मोबाइल, दो लैपटॉप, 19,78,850 रुपये, 13 कलाई घड़ियां, सोना और चांदी की जूलरी, बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो कार, किआ कार और एक बाइक बरामद की है। DCP हरेश्वर वी स्वामी के मुताबिक अलीपुर पुलिस, AATS और ABS स्टाफ की संयुक्त टीम ने आरोपियों को पकड़ा है। अलीपुर थाना पुलिस को 19 मार्च को ताजपुर कलां गांव में हथियारबंद अपराधियों के बारे में सूचना मिली। SHO शैलेंद्र शर्मा के सुपरविजन में एसआई अंकुश, मोहन लाल, राजकुमार, एएसआई परमानंद, हेड कॉन्स्टेबल संदीप, प्रमोद, सुबोध, सोमबीर व कॉन्स्टेबल अंकुश और नवीन की टीम ने आरोपी अमित को कार के साथ पकड़ा। इसकी निशानदेही पर गिरोह के सरगना प्रदीप और उसके दो साथी साहिल और विकास को गिरफ्तार किया।


