बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़):
नवीन आपराधिक कानून के प्रावधानों के तहत ई-साक्ष्य एवं ई-समंस के प्रभावी उपयोग को लेकर जिले में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 28 मार्च 2026 को सायं 5 बजे पुलिस कार्यालय सभा कक्ष में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण में जिले के अभियोजन अधिकारियों एवं कार्यरत कोर्ट मोहर्रिरों को शामिल किया गया, जहां विवेचना के दौरान ई-साक्ष्य और ई-समंस के उपयोग पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि डिजिटल तकनीक से प्राप्त ई-साक्ष्य अपराध जांच को सुदृढ़ बनाते हैं और न्यायालय में आरोपियों को दंडित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विवेचना के दौरान आरोपियों एवं गवाहों के मोबाइल नंबर का सही इंद्राज किया जाए, जिससे ई-समंस जारी करने की प्रक्रिया सरल और प्रभावी हो सके।
प्रशिक्षण सत्र में प्रधान आरक्षक विनोद सिंह द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से ई-साक्ष्य एवं ई-समंस पोर्टल के उपयोग की तकनीकी जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित अधिकारियों को डिजिटल प्रक्रियाओं के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में गजेंद्र साहू, सरिता शर्मा, तामेश्वर वर्मा, राजेश कौशिक, अपूर्वा क्षत्रिय सहित अन्य अधिकारी एवं जिले के समस्त कोर्ट मोहर्रिर उपस्थित रहे।
संवाददाता: तुलसी साहू दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


