छत्तीसगढ़ (पलारी): भीषण गर्मी में मानवता सेवा की मिसाल_ प्याऊ घर सेवा का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने किया उद्घाटन.,राहगीरों को मिलेगा शीतल जल


पलारी।
भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से पलारी में एक सराहनीय जनसेवा पहल की शुरुआत की गई है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ एवं प्रदेश शिक्षक सेवी कल्याण संघ (ब्लॉक पलारी) के संयुक्त तत्वावधान में बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के समीप ‘प्याऊ घर सेवा’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस जनहितकारी कार्य का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस पहल के तहत राहगीरों, यात्रियों एवं आम नागरिकों को लगातार ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिल सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री गोपी साहू ने कहा, “जल ही जीवन है। इस भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।” उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए नागरिकों से अपील की कि वे जल के महत्व को समझें और उसका सदुपयोग करें।
उन्होंने शिक्षक समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक सेवा के कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस प्रकार के जनहितकारी कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष पिंटू वर्मा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर, पार्षद डोमार वर्मा, साधराम साहू, ब्लॉक संयोजक देवेंद्र साहू, संघ अध्यक्ष अभिषेक महोबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं स्काउट-गाइड सदस्य उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। ‘प्याऊ घर सेवा’ न केवल राहगीरों को गर्मी से राहत देगी, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करेगी।
संवाददाता: तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस – नेशनल न्यूज


