बलौदाबाजार, 30 मार्च 2026 — जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस मितानों का जिला स्तरीय सम्मेलन पुलिस कम्युनिटी हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 70 से अधिक यातायात पुलिस मितानों ने भाग लिया।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा ऐसे जागरूक नागरिकों को “यातायात पुलिस मितान” के रूप में जोड़ा गया है, जो सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ये मितान दुर्घटना के समय तत्काल सहायता पहुंचाने और घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित “फर्स्ट रिस्पॉन्डर” तैयार करना रहा। इस दौरान डॉ. बलराम श्रीवास एवं उनकी टीम ने मितानों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। विशेषज्ञों ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा किसी घायल व्यक्ति के जीवन को बचाने में निर्णायक साबित हो सकती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि सड़क दुर्घटना के दौरान हर क्षण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में मितान सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचते हैं, इसलिए उनका प्रशिक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीपीआर के रूप में दी गई प्रारंभिक सहायता कई बार जीवन रक्षक साबित होती है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रहेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संजय साहू सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता: तुलसी साहू
प्रकाशन: दिल्ली क्राइम प्रेस, नेशनल न्यूज


