आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम, चालक की पिटाई
सरगुजा। अंबिकापुर से 06 अप्रैल को एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शहर से लगे नेशनल हाईवे 130 पर ग्राम भिठ्ठीकला के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही तीन महिलाओं को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जोगीबांध की तीन महिलाएं रविवार शाम करीब 5 बजे बाजार करने भिठ्ठीकला आई हुई थीं। देर शाम करीब 7 बजे तीनों महिलाएं अपने घर लौटने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान अंबिकापुर से बिलासपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो आगे जाकर सामने से आ रही ट्रक से टकरा गई।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को भीड़ से बचाकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
इधर, मृत महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
संवाददाता: तुलसी साहू, दिल्ली क्राइम प्रेस (नेशनल न्यूज़)


