रायपुर/भाटापारा, 26 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिमरिया ‘ब’ में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विक्रम मानिकपुरी (24 वर्ष), पिता प्रताप मानिकपुरी, निवासी ग्राम सिमरिया ‘ब’ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को प्रातः 07:00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सिमरिया ‘ब’ के मुख्य मार्ग स्थित बरसाती नाले के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस, साइबर सेल एवं एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की।
प्रथम दृष्टया शव के निरीक्षण के दौरान मृतक के शरीर पर कुछ चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद पंचनामा एवं शव निरीक्षण की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने तथा मामले की विस्तृत एवं वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी भी कारण या निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


