बलौदाबाजार। दिनांक 11.04.2026 को प्रार्थी भानु प्रसाद भारद्वाज, निवासी पंचशील नगर, बलौदाबाजार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि सोशल मीडिया एप टेलीग्राम के माध्यम से अज्ञात आरोपी द्वारा स्वयं को बिटकॉइन निवेश कंपनी से जुड़ा बताकर अधिक लाभ का प्रलोभन दिया गया। आरोपी द्वारा विभिन्न टेलीग्राम आईडी एवं फर्जी ईमेल लिंक के माध्यम से प्रार्थी को झांसे में लेकर बिटकॉइन खरीदने तथा नेट बैंकिंग के माध्यम से कुल ₹12,43,250/- का निवेश करवाया गया।
रकम वापस मांगने पर कोई भुगतान नहीं किया गया, जिससे प्रार्थी को साइबर ठगी का एहसास हुआ। उक्त रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 843/2022 धारा 420, 406, 34 भा.दं.सं. एवं 66(D) आईटी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, सोशल मीडिया जांच एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे सीकर, राजस्थान से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी सुभाष चंद्र धायल, उम्र 31 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 07, चारणवास नाडा, थाना खाटूश्यामजी, जिला सीकर (राजस्थान) द्वारा टेलीग्राम के माध्यम से बिटकॉइन निवेश के नाम पर प्रार्थी से धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध विधिवत कार्यवाही कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
संवाददाता तुलसी साहू दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल


