अफजलगढ़। नवागत प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार ने रविवार को कोतवाली परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि अफजलगढ़ कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल ही अपराध नियंत्रण की सबसे बड़ी ताकत है। आमजन का विश्वास जीतना और उन्हें त्वरित न्याय दिलाना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा रहेगा। प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार ने कहा कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। क्षेत्र का प्रत्येक व्यक्ति बिना किसी संकोच के अपनी समस्या पुलिस के सामने रख सकता है। हर शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि कानून का पालन करने वाले लोगों को पुलिस का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए बताया कि जनपद बिजनौर में उन्हें करीब तीन वर्ष का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने मंडावर, बढ़ापुर और धामपुर थानों में प्रभारी निरीक्षक के रूप में सेवाएं दी हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने अब उन्हें अफजलगढ़ कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम भावना के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि नागरिक किसी भी संदिग्ध गतिविधि,अपराध या असामाजिक तत्व की सूचना समय पर पुलिस को देंगे तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से कानून का पालन करने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही अफजलगढ़ को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाया जा सकता है।


