अफजलगढ़। प्रेम-प्रसंग से जुड़े चर्चित युवक हत्याकांड के बाद अब उससे जुड़ी युवती की भी मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जहरीला पदार्थ खाने के बाद कई अस्पतालों में उपचार कराने के बावजूद युवती की जान नहीं बच सकी। शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी नौबत सिंह पुत्र छोटे सिंह ने सूचना दी कि उनकी 23 वर्षीय पुत्री दिव्या भारती की शनिवार सुबह करीब नौ बजे मौत हो गई। बताया गया कि दिव्या ने 22 जुलाई को स्वयं जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले जसपुर के एक अस्पताल ले गए, जहां से धामपुर रेफर किया गया। इसके बाद उसे एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया था। शनिवार सुबह घर पर ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अफजलगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। युवती की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है। वही अफजलगढ़ प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


