पटियाला :- जगजीत सिंह कैंथ
लापता युवकों की पहचान करमजीत उर्फ करमा और सिमरनजीत सिंह उर्फ सीमा के रूप में हुई।
शाम के समय गर्मी से राहत पाने के लिए पांच दोस्त नाभा रोड स्थित मुख्य भाखड़ा नहर में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान पांचों दोस्तों के बीच भाखड़ा नहर को तैरकर पार करने की शर्त लग गई। शर्त के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया और पांचों युवक नहर के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे।
युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों और गोताखोरों की टीम ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो युवक अब भी लापता हैं। उनकी तलाश लगातार जारी है।
लापता युवकों में करमजीत उर्फ करमा और सिमरनजीत सिंह उर्फ सीमा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि करमजीत अपनी मां का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है और करीब एक वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो गया था। पिता की मृत्यु के बाद करमजीत ही अपनी मां का एकमात्र सहारा था और वह उनके साथ ही रहता था। वहीं दूसरा लापता युवक सिमरनजीत सिंह उर्फ सीमा दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
फिलहाल गोताखोरों और प्रशासन की टीमें दोनों युवकों की तलाश में जुटी हुई हैं।


