रवान-मंसा चौक के पास बाइक और ट्रक में भिड़ंत, पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर लौट रहा था परिवार; चालक गिरफ्तार
बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़), 6 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धनतेरस के दिन हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम रवान के मुख्य मार्ग पर मंसा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता और उनके दो बच्चों की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

गांव लौटते समय दुर्घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को एक ही परिवार के तीन सदस्य बलौदाबाजार पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर बाइक से अपने गांव खैरताल लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम रवान के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से गंभीर दुर्घटना हो गई।
पिता और दो बच्चों ने गंवाई जान
मृतकों की पहचान रामचंद्र ध्रुव (39 वर्ष), उनकी पुत्री निहारिका ध्रुव (16 वर्ष) और पुत्र टोमेश ध्रुव (12 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम खैरताल के निवासी थे।
ट्रक चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाना भाटापारा ग्रामीण में रखा गया है। पुलिस द्वारा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार भेजा गया है।
धनतेरस के पर्व पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्राम खैरताल में शोक का माहौल है। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
संवाददाता तुलसी साहू दिल्ली क्राइम नेशनल न्यूज


