सौजन्य भेंट के दौरान मिठाई भेंटकर दी पर्व की बधाई, पत्रकारिता और जनहित के विषयों पर हुई चर्चा
बलौदाबाजार। दीपावली के पावन अवसर पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा (आईएएस) ने जिले के चार पत्रकारों से सौजन्य मुलाकात कर दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मिठाई भेंटकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
कलेक्टर कार्यालय में हुई इस आत्मीय मुलाकात में छत्तीसगढ़ परिदर्शन के संपादक लखेश्वर बघेल, बिहान छत्तीसगढ़ के ब्यूरो चीफ गोविंद राम, छत्तीसगढ़ परिदर्शन के जिला ब्यूरो पुष्पाकांत मेजर तथा दिल्ली क्राइम प्रेस के जिला संवाददाता तुलसी साहू शामिल रहे।
इस दौरान जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, सकारात्मक पत्रकारिता तथा जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। कलेक्टर श्री शर्मा ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष, जिम्मेदार और जागरूक पत्रकारिता को समाज के लिए आवश्यक बताया।
वहीं, चारों पत्रकारों ने कलेक्टर द्वारा दी गई आत्मीय शुभकामनाओं एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिले के विकास कार्यों, प्रशासनिक गतिविधियों और जनहितकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारियों को निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ आम जनता तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
यह सौजन्य मुलाकात जिला प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद, आपसी विश्वास एवं बेहतर समन्वय का परिचायक रही।


