तुलसी साहू, संवाददाता – दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज
छत्तीसगढ़ /बलौदाबाजार पलारी थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बलदाऊ वर्मा (24), पुत्र कुंजराम वर्मा, गांधी चौक, पलारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बलदाऊ वर्मा अपनी बाइक से पलारी से रोहांसी जा रहे थे। उसी दौरान रोहांसी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही क्रूजर (तूफान) वाहन क्रमांक CG 24 E 9962 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलदाऊ वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद अनियंत्रित क्रूजर वाहन ने आगे चल रही एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी। स्कूटी में दो बहन और एक भाई सवार थे। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत के कारण उन्हें जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि क्रूजर वाहन चालक शराब के नशे में धुत था और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गया।
पलारी पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 6 मार्च को सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा के पास भी एक धीमी बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई थी और 22 से अधिक लोग घायल हुए थे।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र के विधायक संदीप साहू ने चिंता जताई है और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।


