शहडोल। एमपी के शहडोल में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक बेटे ने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी है। इसके पीछे की वजह प्रेम संबंधों का विरोध है। मां की हत्या कर बेटे ने अपनी प्रेमिका को पूरी कहानी सुनाई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद मामले की जांच जारी है।
दरअसल, पूरी घटना शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13, राजेंद्र सिंह कॉलोनी की है। संजय कोरी ने अपनी मां कुसुम कोरी की पिछले दिनों उस वक्त हत्या कर दी। जब वह गहरी नींद में थी। संजय कोरी की मां लगातार बेटे के अवैध संबंधों और अवैध कामों का विरोध करती थी। इसे लेकर आए दिन घर में विवाद होता था। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर बेटे ने अपनी मां का गला दबा दिया।
मामले का सबसे खौफनाक पहलू तब सामने आया, जब संजय ने हत्या के बाद अपनी प्रेमिका को फोन किया। बातचीत का यह ऑडियो अब सोशल मीडिया में वायरल है। वायरल ऑडियो में आरोपी संजय ने अपनी प्रेमिका को फोन कर बताया कि उसने पहले करीब 20 मिनट तक मां का गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई। उसे लगा कि मां मर चुकी है, लेकिन जब उसने पानी के छींटे मारे तो मां होश में आ गई और चिल्लाने लगी। इसके बाद आरोपी ने दोबारा गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।


