बलौदा बाजार (छत्तीसगढ़) पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में महिला एवं बाल सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु गठित “टीम शक्ति” ने आज 07 अप्रैल 2026 को कसडोल और गिधौरी के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, उनके खिलाफ घटित अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।










अभियान के दौरान टीम शक्ति ने सार्वजनिक स्थानों, गलियों और बाजार क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करते हुए आकस्मिक दबिश दी। टीम द्वारा निगरानी के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 05 व्यक्तियों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की विविध धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा, यातायात पुलिस की टीम के सहयोग से गिधौरी और कसडोल क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 28 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल ₹9800 समन शुल्क वसूल किया गया।
टीम ने अभियान के दौरान स्कूलों और कॉलेजों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की भी कड़ाई से पूछताछ की और उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अभियान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा और नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती रहेगी।
टीम शक्ति द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और जागरूकता अभियान चलाकर जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके माध्यम से आम जनता को भी कानून के प्रति सजग और जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
संवाददाता तुलसी साहू दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


