
गुंगे दिव्यांग युवक समेत दोनों को जिला अस्पताल रेफर, देर रात की घटना से क्षेत्र में दहशत
छत्तीसगढ़, गरियाबंद/छुरा । विकासखंड छुरा के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम बम्हनी (कोसमी) में आयोजित भीमसेनी एकादशी मेले की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब देर रात दो अज्ञात युवकों ने ग्राम नावाडीही के दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुई वारदात से मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। घायल दोनों युवकों को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच की है। दोनों भाई मेले में झूला झूलने और घूमने के बाद झूले के समीप आराम कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे दो अज्ञात युवक अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी घटना कुछ ही क्षणों में घटित हो गई, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों की सहायता की। बताया जाता है कि 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद 112 पुलिस सहायता सेवा के माध्यम से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल गरियाबंद भेज दिया।
घायलों में 20 वर्षीय ओमकार जगत के पेट, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उसका 17 वर्षीय नाबालिग भाई भी कमर सहित कई स्थानों पर घायल हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों में से एक युवक गुंगा दिव्यांग है, जिससे घटना को लेकर क्षेत्र में गहरा दुख और चिंता का माहौल है। परिजन और ग्रामीण उसके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि वारदात से पहले कुछ संदिग्ध युवक लोगों से कथित रूप से नशे से जुड़ी सामग्री की मांग करते देखे गए थे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
भीमसेनी एकादशी का मेला क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन माना जाता है, जहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल होते हैं। ऐसे शांतिपूर्ण आयोजन में हुई इस हिंसक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से लगने वाले इस मेले में इस प्रकार की गंभीर घटना पहली बार सामने आई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायलों, उनके परिजनों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता तुलसी साहू दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


