
पलारी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर पंचायत पलारी के वार्ड क्रमांक 11 में नवनिर्मित नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और वैदिक रीति-विधि के साथ संपन्न हुई। ‘श्री श्री मंगलनाथ नर्मदेश्वर महादेव’ नाम से स्थापित इस शिवालय में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
प्रातः 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चले मुख्य धार्मिक अनुष्ठान में शिवलिंग का दूध, दही और चंदन से विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक ब्राह्मणों के सान्निध्य में गणपति-पूजन, वेदी-पूजन और मंत्रोच्चार के बीच प्राण-प्रतिष्ठा की प्रक्रिया संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने ‘ॐ नमः शिवाय’ के जाप के साथ भगवान शिव से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। शिवलिंग के साथ भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय और माता पार्वती की प्रतिमाओं की भी विधिवत स्थापना की गई, जिससे मंदिर परिसर शिवमय हो उठा।
अनुष्ठान के अंतिम चरण में हवन कर पूर्णाहुति दी गई। हवन की पवित्र अग्नि और वैदिक मंत्रों की गूंज ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और श्रद्धा का विशेष ध्यान रखा गया।
आयोजन में वार्डवासी एवं नगर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें शैल ध्रुव, कुमारी धुरंधर, गोदावरी साहू, कांति साहू, पुष्पा चंद्राकर, सुनीता साहू, पूर्णिमा चंद्राकर, शांति चंद्राकर, दिगेश्वर चंद्राकर, सत्येंद्र पटेल, वेद प्रकाश साहू, योगेश धीवर, खेलन चंद्राकर, रवि चंद्राकर, रोशन वर्मा, तुलसी साहू, खेमलाल साहू, लुकेश देवांगन, टुकेश्वर वर्मा, सरिता वर्मा, पुष्पा पटेल, विभा चंद्राकर, रेनू वर्मा, निधि चंद्राकर, प्यारी साहू, प्रभा देवांगन और ममता धीवर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल भंडारे में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहयोग का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।


