लखनऊ (काकोरी)।
राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव में प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष ने 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। विदाई के बहाने दामाद को बुलाकर जमकर पिटाई की गई, फिर सीने और पेट में कई बार चाकू घोंपा गया और उसके बाद गला काटकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के भाई पर भी हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक रामसागर (उम्र 25 वर्ष) पीलीभीत के माधौटांडा क्षेत्र का रहने वाला था। वह फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था। लगभग एक वर्ष पहले उसने लालता खेड़ा निवासी भीमा की बेटी कामिनी से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने पहले मंदिर में शादी की और बाद में कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी के बाद दोनों पीलीभीत में रहने लगे थे। कुछ समय बाद कामिनी के परिजन रीति-रिवाज से शादी कराने का बहाना बनाकर उसे मायके लालता खेड़ा ले आए। इसके बाद उन्होंने कामिनी पर रामसागर से रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया और उसकी शादी दूसरी जगह तय करने की कोशिश की। हालांकि कामिनी और रामसागर के बीच संपर्क बना रहा।
मृतक के भाई राहुल गौतम के अनुसार, 16 फरवरी को कामिनी के पिता भीमा, भाई सुमित, अमित और रिश्तेदार पंकज उर्फ बल्ले ने रामसागर को लालता खेड़ा बुलाया। सोमवार देर रात रामसागर अपने भाई राहुल के साथ बाइक से गांव पहुंचा। वहां आरोपियों ने बातचीत के बहाने रामसागर को गांव के बाहर ले जाकर रिश्ता खत्म करने के लिए दबाव बनाया।
रामसागर ने रिश्ता खत्म करने का विरोध किया। विरोध करने पर आरोपियों ने रामसागर के साथ मारपीट शुरू कर दी। सुमित ने चाकू से उसके सीने और पेट पर हमला कर दिया और उसके बाद गला काट दिया। बीच-बचाव करने पर राहुल पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। राहगीरों को आते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। रामसागर को राहगीरों की मदद से सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसीपी काकोरी शकील अहमद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर पिता भीमा, सुमित, अमित और पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, युवती की दूसरी जगह शादी तय करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक के परिवार में उसकी मां आनंदवती, भाई आदर्श और बहन लक्ष्मी हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


