सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत झाल में मंगलवार, 24 फरवरी की सुबह करीब 4:00 बजे आपसी रंजिश के चलते एक ही परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी तुलसी सारथी (26 वर्ष) ने पड़ोसी के घर में घुसकर कुल्हाड़ी/टंगिया से ताबड़तोड़ हमला किया। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल डोंगरीपाली थाना पुलिस को सूचना दी।


मृतक
राजेश सारथी (36 वर्ष)
मंदो बाई सारथी (62 वर्ष)
प्रशांत सारथी (9 वर्ष)
घायल
कुमार साय सारथी (65 वर्ष)
संयुक्ता सारथी (30 वर्ष, गर्भवती) – हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
आरोपी के पिता शौकीलाल सारथी के अनुसार करीब पांच वर्ष पूर्व दोनों परिवारों के बीच मामूली विवाद हुआ था, लेकिन बाद में आपसी संबंध सामान्य हो गए थे। आरोपी तीन दिन पहले ही बाहर मजदूरी से गांव लौटा था। घटना की सुबह वह “जंगल जा रहा हूं” कहकर घर से निकला था।
सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को घटना का कारण माना जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी को डोंगरीपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
संवाददाता – तुलसी साहू


