उल्लास और भाईचारे के साथ मनाएं होली

आज दिनांक 28 फरवरी को थाना पलारी परिसर में आगामी होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने की। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, जनपद अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकारगण, सरपंच, कोटवार तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने कहा कि होली उल्लास, प्रेम और भाईचारे का पर्व है, जिसे आपसी सद्भाव एवं शांति के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की।
बैठक में शराबबंदी, असामाजिक एवं अशांति फैलाने वाले तत्वों पर निगरानी रखने, होलिका दहन के निर्धारित स्थान एवं मार्ग, तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने पर सहमति व्यक्त की।
संवाददाता – तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


