बलौदा बाजार। जिले में नव पदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा द्वारा पदभार ग्रहण करने के पश्चात विभिन्न मीडिया प्रतिनिधियों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी कुलदीप शर्मा ने 28 फरवरी को बलौदा बाजार कलेक्टर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व यहां पदस्थ तत्कालीन कलेक्टर दीपक सोनी को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
सोमवार को आयोजित इस भेंट कार्यक्रम में ‘सृजन भूमि’ छत्तीसगढ़ दैनिक अखबार के संपादक पी.एल. कुर्रे, पत्रकार तुलसी साहू (दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज़), पत्रकार ताराचंद कठोत्रे (न्यूज़ पहुना) तथा श्रावण ध्रुव सहित जिले के अन्य पत्रकारगण उपस्थित रहे। इस दौरान जिले के विभिन्न जनहित मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि संवाद और समन्वय के माध्यम से जिले में विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने मीडिया की भूमिका को जन-जागरूकता और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताते हुए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं और जनभावनाओं को प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित होती है। प्रशासन की यह भी कोशिश रहेगी कि पत्रकारों को किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े और बेहतर समन्वय के साथ कार्य आगे बढ़े।
होली पर्व के अवसर पर कलेक्टर ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी नागरिक आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि 2 मार्च को होलिका दहन एवं होली के अवसर पर पूरे जिले में पर्व को गरिमामय और आनंदपूर्वक ढंग से मनाया जाए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। अनुभाग, तहसील एवं एसडीएम स्तर पर पुलिस प्रशासन के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
संवाददाता: तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज़


