होली के रंगों में झूमा महमूदपुर, हरियाणवी देसी गीतों पर सजी रंगारंग सांस्कृतिक शाम
गोहाना, 6 मार्च (परमजीत सिंह कैरे)
गांव महमूदपुर के वार्ड नं. 10 के निवासियों ने आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ होली के पावन पर्व को समर्पित एक भव्य हरियाणवी रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम मोहल्ला निवासियों के सहयोग से बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं ने मिलकर होली का त्योहार बड़े प्रेम और उल्लास के साथ मनाया। सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और रंग-गुलाल लगाकर खुशियां साझा कीं।
शाम के समय आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं ने पारंपरिक देसी घाघरा-चोली पहनकर हरियाणवी लोकगीत गाए और लोकनृत्य प्रस्तुत किए। वहीं युवाओं और बच्चों ने भी विभिन्न गीतों पर नृत्य और कोरियोग्राफी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक भजनों और शब्दों से हुई, जिसके बाद अलग-अलग कलाकारों के गीतों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों के लिए गरम चाय और ताजे लड्डुओं का लंगर भी लगाया गया, जिसे लोगों ने बड़े प्रेम से ग्रहण किया।
इस अवसर पर लोक भलाई का स्नेह पंजाबी अखबार के जिला इंचार्ज तथा दिल्ली क्राइम प्रेस से जुड़े पत्रकार परमजीत सिंह कैरे ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और मेल-मिलाप का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि साल भर के दौरान कभी-कभी छोटे-मोटे मतभेद हो जाते हैं, लेकिन ऐसे त्योहार हमें उन दूरियों को मिटाकर रिश्तों में फिर से मिठास और रंग भरने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि गांवों में समय-समय पर ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि केवल एक वार्ड ही नहीं बल्कि पूरा गांव आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की मजबूत डोर में बंधा रहे और समाज में एकता का संदेश फैलता रहे।इस अवसर पर सूरजभान बैद, करतार सिंह बैद, बलवीर सिंह बैद, नवीन बैद, अमित बैद, सोनू बैद, जगमेन्द्र बैद, सुरेन्द्र बैद, साहिल बैद, अंकित बैद, अजीत चौहान, सुरेन्द्र चौहान, मनाज चौहान, कुलदीप बैद, दीपांशु, अक्षय, बोनी, दीपक, अमन, बिजेन्द्र सहित अनेक मोहल्ला निवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और इस सफल आयोजन के लिए मोहल्ला निवासियों की सराहना की।


