देश में एलपीजी गैस को लेकर हालात धीरे-धीरे बदल रहे हैं. खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का असर अब भारत की गैस सप्लाई पर भी दिखने लगा है. इस बीच हाल ही में सोशल मीडिया और कुछ खबरों में यह दावा किया जा रहा था कि सरकार 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर को घटाकर 10 किलो करने वाली है. आपने भी इस खबर के बारे में सुना होगी. ऐसे में आम लोगों में चिंता बढ़ गई थी. लेकिन अब इस पर सरकार ने साफ-साफ स्थिति स्पष्ट कर दी है और इन सभी खबरों को अफवाह बताया है.
मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने मीडिया से हुई खास बातचीत में साफ कहा कि ऐसी खबरें ‘पूरी तरह अनुमान पर आधारित’ हैं. इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन अफवाहों पर ध्यान न दें.
सरकार के अनुसार, देश में LPG सप्लाई सामान्य बनी हुई है. कहीं भी गैस की कमी की स्थिति नहीं है. लोगों द्वारा घबराकर ज्यादा बुकिंग करना अब कम हो गया है. गैस की डिलीवरी भी सामान्य रूप से चल रही है. ऐसे में आम उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है.


