



रायपुर / धरसीवां / आरंग
ऐतिहासिक कुंवरगढ़ महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ी लोक कला, संगीत, नृत्य एवं हास्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारंपरिक रंगों से सजी इस संध्या ने न केवल स्थानीय संस्कृति की समृद्धि को प्रदर्शित किया, बल्कि उपस्थित दर्शकों को अपनी जड़ों से जुड़ने का भी अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं शहरी जनों की उपस्थिति ने आयोजन को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराएं और कला हमारी पहचान हैं, जिन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है, जिससे उनकी प्रतिभा निखरती है और उन्हें व्यापक पहचान मिलती है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर को समझने और अपनाने का अवसर प्राप्त होता है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध गायक विवेक शर्मा की जोशीली प्रस्तुति से हुई, जिसने दर्शकों में उत्साह का संचार कर दिया। उनके लोकगीतों पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं और माहौल पूरी तरह से रंगीन हो गया। इसके पश्चात लोक गायिका गरिमा दिवाकर ने भक्ति एवं पारंपरिक लोक संगीत की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भावमय बना दिया। उनकी गायकी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उभरती कलाकार चम्पा निषाद ने भी अपने सुरीले गीतों से दर्शकों का दिल जीत लिया और अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं हास्य कलाकार पप्पू चंद्राकर ने अपने चुटीले अंदाज और व्यंग्यपूर्ण प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही और पूरे पंडाल में ठहाकों की गूंज सुनाई दी।
मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार कलाकारों के सर्वांगीण विकास, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को और अधिक प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बना सके।
इस अवसर पर अनुज शर्मा (धरसीवां विधायक), इंद्र कुमार साहू (अभनपुर विधायक), जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन ने क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की और लोगों के बीच उत्साह एवं गर्व की भावना को और मजबूत किया
संवाददाता
तुलसी साहू दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


