पत्रकार जगजीत सिंह कैंथ
पटियाला: – पटियाला पुलिस ने जिले में हुई तीन बड़ी घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा (आईपीएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की तत्परता, तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस के चलते न केवल मामलों को ट्रेस किया गया, बल्कि आरोपियों को गिरफ्तार कर अहम बरामदगी भी की गई है।
सबसे पहले 10 अप्रैल को पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में दो छात्र गुटों के बीच हुए विवाद का मामला सामने आया था। इस दौरान फायरिंग की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई थी। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस टीम को कोई कारतूस बरामद नहीं हुआ, लेकिन जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी हरशप्रीत सिंह मंडला (गांव खेड़ी, पटियाला) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरा मामला मॉडल टाउन क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी का है, जहां एक बुजुर्ग दंपत्ति के घर में देर रात अज्ञात व्यक्तियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर तक सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए तकनीकी जांच की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो धूरी के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों से करीब 5 लाख रुपये नकद, सोना और चांदी समेत 100 प्रतिशत रिकवरी करने में सफलता हासिल की है।
तीसरा और सबसे गंभीर मामला गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा है। एसएसपी ने बताया कि अमेरिका में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और बॉबी माही गैंग के सदस्य पटियाला में एक प्रॉपर्टी डीलर की टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे। आरोपियों ने लक्ष्य की रेकी भी कर ली थी और वारदात को अंजाम देने की पूरी तैयारी थी। लेकिन पुलिस की ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर समय रहते कार्रवाई करते हुए तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से तीन आधुनिक पिस्तौल बरामद किए गए हैं, जिससे एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही रोक दिया गया।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि हाल ही में इसी गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 13 हथियार और 5 शूटरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और पटियाला पुलिस इस दिशा में लगातार सक्रिय है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बहस या गुस्से में हथियारों का इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति से बचें और अपनी ऊर्जा पढ़ाई व खेलों में लगाएं।
पटियाला पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जहां कई गंभीर अपराधों का खुलासा हुआ है, वहीं आम जनता में सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। फिलहाल सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।


