सरकार ने मजदूरों को ‘कमियों के वेहड़े’ (गरीबों के आंगन) से सड़कों पर ला खड़ा किया, अब हक लिए बिना पीछे नहीं हटेंगे: गुलशन कुमार, सतपाल रिंकू
बरनाला, 6 मई (परमजीत सिंह कैरे):
पंजाब सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों और लगातार की जा रही वादाखिलाफी के खिलाफ आज सफाई सेवक यूनियन और अन्य सहयोगी संगठनों द्वारा नगर निगम बरनाला के कार्यालय में अनिश्चितकालीन ‘पक्का मोर्चा’ लगाकर आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया गया है। पंजाब स्तरीय हड़ताल के आह्वान पर लगाए गए इस धरने के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही और विरोध स्वरूप कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गुलशन कुमार ने तीखे शब्दों में कहा, “सरकार ने हमें सिर्फ लारो (झूठे वादों) में रखकर हमारे घरों के चूल्हे ठंडे किए हैं। चुनाव के समय ‘मजदूरों के आंगन’ की दुहाई देने वाले हुक्मरान आज सबसे बड़े मजदूर विरोधी साबित हुए हैं। अब हम चिट्ठियां लिखकर नहीं, बल्कि सड़कों पर लड़कर अपना हक छीनेंगे।”
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सतपाल रिंकू ने गरजते हुए कहा, “हमारे सब्र को कमजोरी न समझा जाए। अगर सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का नोटिफिकेशन तुरंत जारी नहीं किया, तो यह मोर्चा सरकार के तख्त हिला देगा। अब लड़ाई आर-पार की है और हम अपना हक लिए बिना पीछे नहीं हटेंगे।”
भारतीय संविधान चेतना मंच के जिला सचिव और बेबाक पत्रकार परमजीत सिंह कैरे ने हाजिरी लगवाते हुए कहा कि आज बेहद शर्मनाक मंजर है कि शहर को नरक से बचाने वाले हाथ, सरकार की बेरुखी के कारण सड़कों पर रुल रहे हैं। मैं ‘आप’ सरकार से पूछता हूं कि कहां गए वे ‘कमियों के वेहड़े’ वाले वादे? वोट बटोर कर मजदूरों को उनके आंगन से धकेल कर सड़कों पर लाने वाली यह हुकूमत सबसे बड़ी मजदूर विरोधी साबित हुई है।
उन्होंने आगे कहा, “पंथक गैरत और संविधान हमें जुल्म की छाती पर चढ़कर हक लेना सिखाते हैं। यह लड़ाई सिर्फ वेतन की नहीं, आपके स्वाभिमान और आत्म-सम्मान की है। हुक्मरान मुगालता निकाल दें; जो हाथ शहर साफ करते हैं, वे तख्त उलटने का दम भी रखते हैं। भारतीय संविधान चेतना मंच पूरी तरह आपके साथ खड़ा है। जब तक लिखित हक नहीं मिलता, यह जंग जारी रहेगी।”
इस संघर्ष को मजबूती देने के लिए म्यूनिसिपल कर्मचारी दल की ओर से गुरमीत सिंह और जगजीत सिंह, डॉ. भीम राव ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष चरण सिंह और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सतपाल सिंह रिंकू अपने संगठनों सहित पहुंचे। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी की ओर से अमरजीत सिंह जलूर ने भी शिरकत की।
इस अवसर पर मेट लक्ष्मण दास, ओम प्रकाश दरावड़, मेट राजेश कुमार, मेट रमेश कुमार, मेट मुकेश कुमार, रमेश कुमार टाक, सनी कुमार, सोनू कुमार, विनय कुमार, राजू ढोली, संजय कुमार, रणबीर सिंह, अवतार सिंह, बलजीत सिंह, विक्की, विनोद कुमार, नीला सिंह और बिट्टू कुमार, जॉनसन जॉनी, रवि रावण उपस्थित थे। स्त्री विंग की अध्यक्ष बिंदु रानी के नेतृत्व में मूर्ति देवी, संतोष रानी और सरोज रानी सहित भारी संख्या में महिलाओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत मांगें नहीं मानीं तो यह ‘काम-छोड़’ हड़ताल और तेज की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


