विजेताओं को मिला सम्मान, विद्यालयों में नियुक्त होंगे हिंदी ब्रांड एम्बेसडर
यलंदु । हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी जर्नलिस्ट असोसिएशन द्वारा यलंदु नगरपालिका कार्यालय स्थित मंडल शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में एक भव्य जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में “राष्ट्रीय प्लास्टिक मुक्त दिवस” विषय पर आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता के खम्मम जिले भर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।



यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ अहिंदी भाषी क्षेत्रों में हिंदी भाषा के प्रति जनमानस में रुचि बढ़ाने का एक सफल प्रयास सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इंस्टिट्यूट ऑफ जर्नलिज्म के प्राचार्य एवं हिंदी जर्नलिस्ट असोसिएशन के परामर्शदाता महेश अग्रवाल ने अपने कर-कमलों से विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।साथ ही जिला परिषद उच्च पाठशाला की प्रधानाध्यापिका डॉ. टी. सुनीता और बेगमपेट सरकारी विद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर को हिंदी के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया ।
अपने संबोधन में श्री महेश अग्रवाल ने घोषणा की कि मंडल शिक्षा अधिकारी के विशेष प्रयासों से क्षेत्र के सभी विद्यालयों में हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए हिंदी ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “पर्यावरण जागरूकता और भाषा विकास को एक साथ जोड़कर छात्रों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।”
हिंदी जर्नलिस्ट असोसिएशन के उपाध्यक्ष आकाश तलवार ने कहा कि हिंदी विश्व में सबसे अधिक बोली जाने वाली प्रमुख भाषाओं में शामिल है। मातृभाषा और राष्ट्रभाषा का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समन्वयक डॉ. सतीश खंडेलवाल ने कहा कि अहिंदी भाषी क्षेत्रों में हिंदी प्रेमियों की इतनी बड़ी संख्या में उपस्थिति यह दर्शाती है कि हिंदी भारत को जोड़ने वाली सबसे मजबूत कड़ी है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संस्था द्वारा डॉ. खंडेलवाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में अखिल विश्व गायत्री परिवार (शांतिक्कुंज, हरिद्वार) के दक्षिण भारत प्रतिनिधि नरेंद्र ठाकुर, संदीप एवं ऋषभ सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा (तेलंगाना) के कोषाध्यक्ष सुनील मित्तल, कल्चरल फाइन आर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष प्रभाकर राव तथा कमलेकर अरविंद ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।


