संवाददाता: तुलसी साहू, दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज़
4 मार्च, बुधवार को होली के पावन पर्व पर खुशियां मातम में बदल गईं। कबीरधाम ज़िला में होली के जश्न के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (रायपुर–जबलपुर मार्ग) पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई करता था। जानकारी के अनुसार, अमर अपनी बहन के साथ होली मनाने अपने गांव बोड तरा लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को रौंद दिया।
हादसे के बाद घायल बहन को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। होली के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


