छत्तीसगढ़, बलौदाबाजार जिला कसडोल। थाना कसडोल क्षेत्र में रास्ता रोककर पैसे की मांग करते हुए चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और बटनदार चाकू भी जप्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना कसडोल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 10 मार्च 2026 की शाम लगभग 7:00 बजे वह अपने घर से कसडोल किसी निजी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान बैंगनडबरी मुक्तिधाम के आगे पुल के पास दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने प्रार्थी से पैसे की मांग की और मना करने पर उस पर चाकू से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। प्रार्थी किसी तरह खुद को बचाते हुए वहां से भाग निकला।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 119(1), 126(2), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और संदेह के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी का रास्ता रोककर उससे पैसे मांगने तथा चाकू से हमला करने की घटना को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG22 M 6214 तथा एक बटनदार चाकू बरामद कर जप्त किया है। दोनों आरोपियों को 11 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम सूरज साहू (उम्र 20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08 बलार रोड कसडोल तथा हेमंत बंजारे (उम्र 18 वर्ष), निवासी कांटीपारा वार्ड क्रमांक 13 कसडोल थाना कसडोल बताए गए हैं।
पुलिस द्वारा समय रहते की गई कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसलों पर अंकुश लगाने का संदेश गया है।
संवाददाता: तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस – नेशनल न्यूज


