छत्तीसगढ़ पलारी: शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमेठी में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ विदाई समारोह, कक्षा 6वीं-7वीं के विद्यार्थियों ने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को दी भावभीनी विदाई
छत्तीसगढ़ के पलारी क्षेत्र स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमेठी में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने अपने वरिष्ठ साथियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह और भावनात्मक पलों से भरा रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुई। जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर साथियों को शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बिताए गए यादगार पलों को साझा किया। इस अवसर पर कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने भी अपने विद्यालय जीवन के अनुभव साझा करते हुए जूनियर विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और शिक्षा के महत्व के बारे में बताया तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधान पाठक श्री सत्येंद्र कुमार पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर श्री टी.आर. कुर्रे, श्री गजेंद्र साहू एवं श्री नीलकंठ साहू सहित अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे समारोह और भी आकर्षक एवं यादगार बन गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक साथ बैठकर सामूहिक भोजन का आनंद लिया, जिसमें केला, जलेबी, पोहा तथा मध्यान्ह भोजन परोसा गया।
संवाददाता – तुलसी साहू दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


