छत्तीसगढ़ ,बलौदाबाजार,
बलौदाबाजार जिले में पुलिस सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। आज यहां पुलिस ड्राई कैंटीन के नवीन एवं आधुनिक भवन का भव्य उद्घाटन किया गया, जो पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
दोपहर 12:30 बजे आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिले के प्रमुख प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुलदीप शर्मा (जिला कलेक्टर), भावना गुप्ता (पुलिस अधीक्षक), आकांक्षा जायसवाल, अशोक जैन, आनंद यादव तथा योगेश अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने रिबन काटकर एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन का लोकार्पण किया।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के कुशल नेतृत्व में जिले में लगातार अधोसंरचनात्मक विकास को गति मिल रही है। इसी क्रम में पुलिस ड्राई कैंटीन के इस नए भवन का निर्माण मात्र तीन महीनों में पूर्ण किया गया, जो प्रशासनिक कार्यकुशलता और समर्पण का उदाहरण है। पूर्व में यह कैंटीन पुलिस लाइन स्थित छोटे भवन में संचालित होती थी, जहां सीमित स्थान के कारण व्यवस्थाओं में बाधाएं आती थीं।
अब नए और विस्तृत भवन में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारों को बेहतर सुविधाओं के साथ आवश्यक वस्तुएं उचित एवं किफायती दरों पर उपलब्ध होंगी। यह कैंटीन न केवल दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी, बल्कि इससे होने वाली आय को पुलिस कल्याणकारी गतिविधियों में भी उपयोग किया जाएगा, जिससे समग्र रूप से पुलिस परिवारों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने स्वयं कैंटीन से सामग्री खरीदकर उसकी गुणवत्ता एवं मूल्य का निरीक्षण किया। यह कदम पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह पहल न केवल पुलिस विभाग के आंतरिक सशक्तिकरण की मिसाल है, बल्कि जिले में प्रशासनिक दक्षता और जनहितकारी कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
संवाददाता तुलसी साहू दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


