छत्तीसगढ़, बलौदा बाजार। शिक्षा सत्र 2025-26 में जिले के विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। विशेष रूप से कक्षा 12वीं में पलारी के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।
इस उपलब्धि के सम्मान में गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल 11 मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में कलेक्टर श्री शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए “खरगोश और कछुआ” की प्रसिद्ध कहानी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस कहानी में जीवन का गहरा संदेश छिपा है, जो निरंतर प्रयास, धैर्य और आत्मविश्वास का महत्व सिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं पर विश्वास बनाए रखने और परिवार एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले 5 से 7 वर्ष विद्यार्थियों के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण होंगे, इसलिए उन्हें दृढ़ संकल्प और उत्साह के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थी
कक्षा 12वीं में सरस्वती शिशु मंदिर, पलारी के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा नितेश कुमार देवांगन ने जिले में प्रथम, रूपेश कुमार साहू ने द्वितीय, सूर्य प्रकाश ने तृतीय, गौरी त्रिवेदी ने चतुर्थ एवं अनीशा साहू ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 10वीं के मेधावी छात्र-छात्राएं
कक्षा 10वीं में ईशा सोनवानी ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विभा वर्मा द्वितीय, अनम फातिमा तृतीय, सुरभि वर्मा चतुर्थ रहीं। पंचम स्थान पर मधु एवं गीतिका वर्मा ने संयुक्त रूप से स्थान प्राप्त किया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं का परिणाम 75.53 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं का परिणाम 78 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में संतोषजनक है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुश्री दिव्या अग्रवाल, डॉ. अजय गुहे, डीएमसी नरेंद्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उत्साह और गौरव से भरा रहा।
अंत में कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्टेट टॉपर बनना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है। साथ ही विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया।
संवाददाता: तुलसी साहू, दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


