—पुलिस और ग्रामीणों की मुस्तैदी से टला बड़ा संकट
बलौदा बाजार: आज 27.03.2026 की सुबह गिरौदपुरी मंदिर परिसर के समीप एक गंभीर अग्नि दुर्घटना ने अचानक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंदिर के पास लगे एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते यह आग तेजी से फैलते हुए आसपास की दुकानों तक पहुंच गई और लगभग 10 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।



बताया जा रहा है कि अधिकांश दुकानें कपड़े, साड़ी, लकड़ी तथा अन्य ज्वलनशील सामग्रियों से बनी हुई थीं, जिसके कारण आग ने अत्यंत तेजी से फैलकर भयंकर रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि हालात कुछ समय के लिए बेकाबू होते नजर आने लगे। यदि समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह आग मंदिर परिसर तक पहुंच सकती थी, जिससे एक बड़ी जनहानि और धार्मिक स्थल को नुकसान होने की आशंका थी।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी गिरौदपुरी पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी पडवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। उस समय फायर ब्रिगेड की गाड़ियां दूरी अधिक होने के कारण घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई थीं, ऐसे में पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय नागरिकों का सहयोग लिया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बाल्टियों, बर्तनों और उपलब्ध संसाधनों की सहायता से आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया। इस दौरान सभी ने साहस, एकजुटता और तत्परता का परिचय देते हुए आग को फैलने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाती रही और आग पर काबू पाने का प्रयास करती रही।
कुछ समय बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन दल के संयुक्त प्रयासों से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकानों को काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रांसफार्मर में आग लगने का कारण एक बंदर का उस पर कूदना था, जिससे डीओ (ड्रॉप आउट फ्यूज) उड़ गया और चिंगारी से आग भड़क उठी। आसपास ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
घटना के बाद पुलिस द्वारा प्रभावित दुकानदारों के नुकसान का आंकलन करने हेतु पंचनामा तैयार किया जा रहा है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस पूरी घटना में चौकी गिरौदपुरी पुलिस, फायर ब्रिगेड कर्मियों और स्थानीय नागरिकों की बहादुरी, तत्परता और सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा, जिनके संयुक्त प्रयासों से एक बड़ा हादसा टल गया।
संवाददाता: तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


