बलौदा बाजार (छत्तीसगढ़)। गिधौरी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिला।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नवरंगपुर से पुरगांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर लगभग 53–54 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही गिधौरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ, क्या किसी वाहन की इसमें भूमिका थी और घटना के समय परिस्थितियां क्या थीं। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि मृतक की पहचान या घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत गिधौरी थाना पुलिस को सूचित करें।
संवाददाता: तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस, नेशनल न्यूज


