अफजलगढ़। ग्राम जमुनवाला स्थित जूनियर हाई स्कूल परिसर में रविवार को श्री मनोरथ प्रसाद हरिवंश स्मृति ट्रस्ट के तत्वावधान में रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड से आए चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर का शुभारंभ ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष योगिता जोशी ने फीता काटकर किया। इस दौरान अनीता मेमोरियल नर्सिंग होम, काशीपुर से आए चिकित्सक डॉ. दीपांशु ने अपनी टीम के साथ लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर में पहुंचे 45 लोगों का रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किए गए तथा आवश्यक परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वहीं, ब्लड बैंक जसपुर (उत्तराखंड) की टीम ने रक्तदान शिविर में पहुंचे 18 रक्तदाताओं के रक्त नमूने लिए। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष योगिता जोशी ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और रक्तदान के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। शिविर को सफल बनाने में सचिन, चंद्रवीर,गायत्री,संयोजिका कमला देवी,विमल कुमार,ग्राम प्रधान गितेंद्र चौधरी,धीरज सिंह रावत, विक्रम सिंह नेगी तथा संतोष जख्वाल सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।


