गरियाबंद (छत्तीसगढ़)। कलेक्टर बी.एस. उइके ने देवभोग में निर्माणाधीन न्यायालय भवन एवं तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नवनिर्मित तहसील कार्यालय के सभी कक्षों का अवलोकन किया तथा निर्माण की गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री और भवन की संरचना का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि तहसील कार्यालय भवन का निर्माण लगभग 65 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसमें अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शेष कार्यों को तेज गति से पूरा कर भवन को जल्द ही राजस्व विभाग को हैंडओवर किया जाए, ताकि कार्यालय का संचालन शीघ्र शुरू किया जा सके। उन्होंने कार्यालय परिसर में सुरक्षा एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंड्रीवॉल निर्माण कराने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने निर्माणाधीन न्यायालय भवन का भी स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय भवन का निर्माण निर्धारित मापदंडों एवं तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप किया जाए तथा किसी भी प्रकार की निर्माण त्रुटि न हो। उन्होंने ठेकेदार और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर ने निर्माण स्थल की साफ-सफाई, सामग्री के उचित भंडारण तथा श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता: तुलसी साहू
( दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज )


