छत्तीसगढ़ के पलारी क्षेत्र के अंतर्गत 14/03/2026 को कुकदा ग्राम से सूचना प्राप्त हुई कि खेतों के रास्ते आग तेजी से फैल रही है। सूचना मिलते ही पलारी पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। आसपास स्थित बोर से पाइप के माध्यम से पानी लाकर आग बुझाने का कार्य किया गया, जिसमें पुलिस स्टाफ ने भी पूरी मेहनत और साहस के साथ सराहनीय योगदान दिया।
तेज हवा के कारण आग धीरे-धीरे पलारी की ओर बढ़ने लगी और कुछ ही समय में यह पलारी के आउटर क्षेत्र तक पहुंच गई। आग की लपटें वहां स्थित ईंट भट्ठा के पास बने झोपड़ी नुमा घरों तक पहुंचने लगीं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया और स्थिति गंभीर हो गई।
इसी दौरान एक झोपड़ी नुमा घर में लगभग 3 वर्ष की एक छोटी बच्ची फंसी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पलारी थाना में पदस्थ आरक्षक जियान वर्मा ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए झोपड़ी के अंदर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस बहादुरी और त्वरित निर्णय से एक बड़ी अनहोनी टल गई और बच्ची की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड, पुलिस स्टाफ और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस पूरी घटना में पुलिस की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली, जिसकी स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहना की।
संवाददाता: तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस, नेशनल न्यूज


