परिवार को 1.22 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़), संवाददाता – तुलसी साहू।
दिनांक 16 मार्च 2026, सोमवार को विकासखंड सिमगा के शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में दिवंगत प्रधान पाठक स्वर्गीय श्री एमु लाल वर्मा (शासकीय प्राथमिक शाला करही, संकुल–खपराडीह, विकासखंड–सिमगा, जिला बलौदाबाजार) के दशगात्र कार्यक्रम में भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह कार्यक्रम उनके निज निवास ग्राम पड़कीडीह में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों ने उपस्थित होकर स्वर्गीय वर्मा जी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
स्वर्गीय श्री एमु लाल वर्मा शिक्षा के क्षेत्र में एक समर्पित, कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुकरणीय व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे शैक्षणिक सेवाकाल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास किए। शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा, सादगीपूर्ण जीवनशैली और व्यवहार कुशलता के कारण वे सहकर्मियों तथा विद्यार्थियों के बीच अत्यंत सम्मानित थे। उनके आकस्मिक निधन से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
दशगात्र कार्यक्रम के अवसर पर विकासखंड सिमगा के शिक्षकगण एकजुट होकर स्वर्गीय वर्मा जी के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। इस दौरान शिक्षक साथियों द्वारा सामूहिक रूप से 1,22,600 रुपये (एक लाख बाइस हजार छह सौ रुपये) की नगद राशि उनके परिजनों को सौंपकर सहयोग और संवेदनशीलता का परिचय दिया गया। इसके अतिरिक्त कुछ शिक्षकों द्वारा पूर्व में ही स्वर्गीय वर्मा जी के पुत्र के बैंक खाते में फोनपे के माध्यम से भी आर्थिक सहायता राशि भेजी जा चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी शिक्षकों ने स्वर्गीय वर्मा जी के सरल, विनम्र और सहयोगी स्वभाव को याद करते हुए उनके साथ बिताए गए अनुभवों को साझा किया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय वर्मा जी का संपूर्ण जीवन शिक्षा और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।
इस अवसर पर सिमगा शिक्षक संगठन की ओर से श्री कोमल साहू, श्री संदीप शुक्ला, श्री गणेश साहू, संकुल प्राचार्य श्री डी. एन. वर्मा, समन्वयक श्री ए. एस. ध्रुव, श्री देवचरण वर्मा, श्री रोशन वर्मा, श्री वीरेंद्र वर्मा, श्री सुरेंद्र वर्मा सहित विकासखंड सिमगा के अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय एमु लाल वर्मा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। पूरे कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, संवेदना और सम्मान से परिपूर्ण रहा।


