छत्तीसगढ़: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात विभाग द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर नियमित रूप से वाहन जांच की जा रही है, ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इसी क्रम में यातायात दल ने जिले के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कार और मोटरसाइकिल चालकों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, तीन सवारी बैठाकर मोटरसाइकिल चलाने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ नहीं रखने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं जैसे 194 बी(1), 50/177, 130, 122, 128, 179, 112 और 115 के तहत कुल 28 प्रकरण दर्ज करते हुए 44 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी न केवल कानूनी कार्रवाई को आमंत्रित करती है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। इसलिए सभी नागरिकों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
यातायात विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी इसी प्रकार से लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
इस कार्रवाई में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक जितेन्द्र चन्द्रा, उप निरीक्षक समेलाल सोनवानी, प्रधान आरक्षक मुकेश साहू, आरक्षक अक्षय रात्रे तथा सनसाई तिग्गा सहित यातायात पुलिस के अन्य जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे और पूरे अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
— तुलसी साहू
संवाददाता, दिल्ली क्राइम प्रेस / नेशनल न्यूज


