बलौदाबाजार, 16 मार्च। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा बदमाशों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जिले के तीन आदतन अपराधियों को एक वर्ष की अवधि के लिए जिलाबदर कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में जिले में अपराधियों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। वहीं अन्य आदतन अपराधियों के खिलाफ भी जिलाबदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय को भेजा गया है, जिस पर प्रक्रिया जारी है।
जिला कलेक्टर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 और 5 (ख) के तहत पारित आदेश के अनुसार आरोपियों को 24 घंटे के भीतर जिला बलौदाबाजार-भाटापारा तथा सीमावर्ती जिलों—बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, महासमुंद, सक्ति, बेमेतरा और सारंगढ़-बिलाईगढ़—की सीमा से बाहर जाना होगा। आदेश की अवधि एक वर्ष तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान बिना वैधानिक अनुमति के इन जिलों की सीमा में प्रवेश करने पर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार जिलाबदर किए गए आरोपी चोरी, मारपीट, लड़ाई-झगड़ा तथा अवैध शराब बिक्री जैसे अपराधों में लगातार संलिप्त रहे हैं।
जिलाबदर किए गए आरोपी
खेमलाल उर्फ शिवा सोनकर (24 वर्ष) निवासी भवानी नगर सिमगा के खिलाफ आबकारी एक्ट के 2 मामले, मारपीट के 3 मामले, आर्म्स एक्ट का 1 मामला तथा अवैध मादक पदार्थ बिक्री का मामला दर्ज है। उसके खिलाफ तीन बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। वर्ष 2022 में उसे पहली बार सार्वजनिक स्थान पर नशा करते हुए पकड़ा गया था।
विलास चेलक उर्फ कानू (25 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 7 पुरानी बस्ती बलौदाबाजार के खिलाफ मारपीट के 5 मामले और अवैध शराब बिक्री का एक मामला दर्ज है। उसके खिलाफ दो बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वर्ष 2021 में उसे पहली बार मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद वह लगातार विभिन्न घटनाओं में शामिल रहा।
राहुल भारती (21 वर्ष) निवासी भैंसापसरा, बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली के खिलाफ मारपीट के 7 मामले तथा आबकारी एक्ट का एक मामला दर्ज है। उस पर एक बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। वर्ष 2018 में उसे हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किया गया था।
संवाददाता: तुलसी साहू
दिल्ली क्राइम प्रेस नेशनल न्यूज


